बिलासपुर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 25 अक्टूबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भारतीय रेल ने इस बार यात्रियों को एक भावनात्मक और सांस्कृतिक अनुभव देने की नई पहल की है। देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली से छठ के पारंपरिक गीतों की मधुर ध्वनि गूंज रही है, जिसने यात्रा के माहौल को भक्ति और उल्लास से भर दिया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर “मंगला हम वरदान हे गंगा मइया” और “केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव” जैसे लोकप्रिय छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा है। इन गीतों ने स्टेशनों को उत्सवमय बना दिया है, जहां यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान और श्रद्धा झलक रही है।
विशेषकर महिला यात्रियों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की है। कई महिलाएं गीतों के साथ सुर मिलाते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं। यात्रियों ने कहा कि स्टेशन पर गूंजते ये गीत उन्हें अपने घर और परंपरा की याद दिला रहे हैं, मानो पूरा माहौल मां गंगा की आराधना से सराबोर हो गया हो।
मालूम हो कि हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ पर्व के दौरान लाखों यात्री अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। उनकी सुविधा के लिए भारतीय रेल ने 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं।


