बिलासपुर

दीपावली छत्तीसगढ़ में मनाएंगे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
17-Oct-2025 3:09 PM
दीपावली छत्तीसगढ़ में मनाएंगे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

बिलासपुर से कवर्धा तक होगा स्वागत और पूजन कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 अक्टूबर। ज्योतिर्मठ, बद्रीनाथ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इस वर्ष दीपावली का पर्व छत्तीसगढ़ में मनाएंगे। राज्य सरकार ने उनके आगमन पर उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया है। वे 17 अक्टूबर की रात नियमित विमान से मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे, जहां दंडी स्वामी इन्दुभवानंद और दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानंद के नेतृत्व में उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का ठहराव हरीश शाह के चिचिरदा स्थित कुंजकुटीर फार्म हाउस में होगा। यहां उनके स्वागत और पादुकापूजन का आयोजन होगा। 18 अक्टूबर को धनतेरस के अवसर पर कुंजकुटीर में दिनभर विशेष पूजा होगी, जिसमें श्रद्धालु दर्शन का लाभ ले सकेंगे।

इसके बाद 19 अक्टूबर को सुबह 8 बजे स्वामी जी सड़क मार्ग से सलधा (बेमेतरा) पहुंचेंगे, जहां नरक चतुर्दशी के अवसर पर विशेष पूजन का आयोजन रहेगा। इस आयोजन की तैयारियों में डॉ. पवन मिश्र, अतुल देशलहरा और ज्ञानचंद सहित अनेक भक्त जुटे हुए हैं।

दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को शंकराचार्य कवर्धा पहुंचेंगे, जहां नीलकंठ चंद्रवंशी के नेतृत्व में सैकड़ों भक्तों की बाइक रैली से उनका स्वागत किया जाएगा। वे अविमुक्त नगर लोहारा रोड स्थित श्री अशोक वाटिका में दर्शन और पादुकापूजन करेंगे। इसके बाद धर्मध्वज चौक पर विशाल धर्मध्वज पूजन किया जाएगा।

पूजन के बाद शंकराचार्य की पालकी यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शंकरा भवनम तक निकलेगी। मार्ग में श्रद्धालु और व्यापारी समाज पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। रात्रि में शंकरा भवनम में महालक्ष्मी पूजन के उपरांत वे भक्तों को पटाखा वितरण करेंगे।

रात्रि के अंतिम प्रहर में वे मां काली मंदिर, ठाकुरपारा में विशेष पूजा करेंगे, जहां श्रद्धालुओं को रात्रिभर दर्शन और आराधना का अवसर मिलेगा। गोवर्धन पूजा (21 अक्टूबर) के दिन शंकराचार्य मीडिया प्रभारी अशोक साहू के गृह ग्राम टाटीकसा पहुंचेंगे, जहां भक्तों की बाइक रैली और पारंपरिक स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।


अन्य पोस्ट