बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 17 अक्टूबर। एसईसीएल मुख्यालय में तीन माह तक चल रहे निवारक सतर्कता अभियान के अंतर्गत 15 अक्टूबर को अंतर-क्षेत्रीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष के अभियान की थीम सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी है। अभियान केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर चलाया जा रहा है।
प्रतियोगिता में एसईसीएल के विभिन्न संचालन क्षेत्रों, मुख्यालयों, वर्कशॉप्स समेत कुल 17 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और संवाद प्रस्तुति के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मूल्यों को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने इन नाटकों के माध्यम से न केवल मनोरंजन पाया बल्कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का सशक्त संदेश भी ग्रहण किया।
यह आयोजन एसईसीएल के चल रहे तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का प्रमुख अंग है, जिसका उद्देश्य संगठन में पारदर्शिता की संस्कृति को और मजबूत करना तथा प्रत्येक कर्मचारी में निष्ठा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
अभियान के दौरान एसईसीएल कर्मियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को शामिल करते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रतियोगिताएँ, प्रशिक्षण सत्र, ग्राम सभाएँ, सत्यनिष्ठा शपथ और पौधरोपण जैसे आयोजन शामिल हैं। इन सभी गतिविधियों के माध्यम से संस्था में ईमानदारी और नैतिक कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल में इस वर्ष 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह भी मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत कई जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


