बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 अक्टूबर। दुर्गा विसर्जन के बाद घर लौट रहे जांजगीर साइबर सेल प्रभारी सागर पाठक के साथ दो नशेड़ी युवकों ने मारपीट और गाली-गलौज की। देर रात कंपनी गार्डन के पास हुई इस घटना में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल, सागर पाठक शुक्रवार रात जांजगीर में दुर्गा विसर्जन की ड्यूटी पूरी करके लौट रहे थे।
इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनकी बच्ची की तबियत खराब है। उच्च अधिकारियों को सूचना देकर वे कार से घर की ओर रवाना हुए। शहर में प्रतिमा विसर्जन की झांकी चल रही थी, इसलिए वे धीरे-धीरे वाहन चला रहे थे।
करीब रात 12 बजे कंपनी गार्डन के पास दो नशे में धुत युवक कार के सामने आकर खड़े हो गए। पाठक कार से उतरे और उन्हें बताया कि वे टीआई हैं और घर जाने की जल्दी में हैं।
इसके बावजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और एक युवक ने उनके पेट में लात भी मारी।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों की मदद से दोनों युवकों को पकडक़र सिविल लाइन थाने लाया गया।
गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम निखिल पांडे, निवासी सरकंडा और तुषार तिवारी, निवासी देवरीखुर्द बताए गए हैं। सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि पुलिसकर्मी से मारपीट और विरोध करने पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। शनिवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


