बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 4 अक्टूबर। एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच में सो रही महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में 60,000 रुपए नकद, 15 ग्राम सोने की अंगूठी और दो लाख से अधिक मूल्य का अन्य सामान था। पीड़ित महिला ने बिलासपुर में जीआरपी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
झारखंड के रांची टाटीसिलवे निवासी मंजू उपाध्याय अपने पति विनोद कुमार उपाध्याय के साथ गुरुवार को एलटीटी सुपरफास्ट में यात्रा कर रही थीं। उनका बर्थ एसी कोच के ए-वन में 40 और 42 नंबर था। रात को खाना खाने के बाद दोनों सो गए। महिला ने अपना पर्स सिरहाने के नीचे सुरक्षित रखा था।
सुबह लगभग 6 बजे राउरकेला स्टेशन पर नींद खुलने पर उन्होंने पर्स खोजा, लेकिन वह गायब था। तुरंत पति को जगाकर आरपीएफ स्टाफ को सूचित किया और बिलासपुर पहुंचकर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। पर्स में महिला की बेटी का क्रेडिट कार्ड, दो मोबाइल फोन, दो चांदी के पायल, एक हाथ घड़ी, आधार कार्ड, वोटर आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेज भी शामिल थे।


