बिलासपुर

बिलासपुर, 11 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने का संकल्प लिया है। इसी तैयारी के तहत जिला भाजपा ग्रामीण की ओर से रतनपुर महामाया मंदिर परिसर में कार्यशाला आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता और पूर्व मंत्री निर्मल सिन्हा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता के बीच सकारात्मक संदेश ले जाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि स्वच्छता अभियान, रक्तदान, संगोष्ठी और स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम तय फॉर्मेट में आयोजित हों ताकि उनका प्रभाव लोगों तक पहुंचे।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के सजग प्रहरी हैं। वहीं पूर्व विधायक रजनीश कुमार सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष जनता को भटकाने और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है।
छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे ने केंद्र की नई जीएसटी नीति का समर्थन करते हुए कहा कि इससे दैनिक उपभोग की वस्तुएं सस्ती हुई हैं और आमजन को राहत मिली है।
कार्यशाला में जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, महामंत्री यश मनहर, विभाग प्रचारक गणेश साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।