बिलासपुर

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस भवन में रखी गई संविधान पर परिचर्चा
20-Jun-2025 10:59 AM
राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस भवन में रखी गई संविधान पर परिचर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर बुधवार को बिलासपुर के कांग्रेस भवन में "संविधान बचाओ अभियान" पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिलाध्यक्षों सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संविधान और मौजूदा हालात पर अपने विचार रखे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि भारत का संविधान हमें समान अधिकार देता है और आज देश जिस मुकाम पर है, उसमें संविधान की बड़ी भूमिका है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत की विविधता को ध्यान में रखते हुए ऐसा संविधान तैयार किया, जिसमें हर वर्ग की बात शामिल है।

ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि आज देश में लोगों के मौलिक अधिकार छीने जा रहे हैं, आवाज उठाने वालों को देशद्रोही कहा जा रहा है।  

पूर्व महापौर रामशरण यादव ने बताया कि हमारे संविधान को देश के कई महान नेताओं ने मिलकर बनाया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के बैरिस्टर छेदीलाल और पंडित रविशंकर शुक्ल का भी योगदान रहा है।

उपाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार की देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा में हमेशा से भूमिका रही है।  
सेमिनार के बाद कांग्रेसजनों ने राहुल गांधी का जन्मदिन मनाते हुए केक काटा और उनकी लंबी उम्र व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

 


अन्य पोस्ट