बिलासपुर

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री आज आएंगे
27-Mar-2025 1:18 PM
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री आज आएंगे

डिप्टी सीएम अरुण साव ने वीसी के जरिये ली संभाग के अफसरों की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च को प्रस्तावित प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इन तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 27 मार्च को दोपहर 3 बजे बिलासपुर के मोहभट्ठा (बिल्हा) पहुंचेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में संभाग आयुक्त महादेव कावरे, आईजी संजीव शुक्ला, बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण एवं एसपी रजनेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा बनाई गई कार्ययोजना का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान कोई भी चूक न हो और अधिकारी पूरी सतर्कता बनाए रखें।

साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों और आमसभा में आने वाले लोगों को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए। आमसभा में गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, बोतल, छाता आदि प्रतिबंधित रहेंगे। विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित करलोगों को इस संबंध में अवगत कराया जाए ताकि किसी भी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।

साव ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आमसभा में आने वाले लोगों को सुरक्षित लाने और कार्यक्रम के उपरांत उनके गांव-घर तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था हो। सभी वाहन प्रभारियों और चालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही नशे की स्थिति में वाहन संचालन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।
 

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण आयोजन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक वाहन में डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और भोजन-पानी की उचित व्यवस्था हो। सभा स्थल पर पर्याप्त पेयजल, नाश्ता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा।

इस बैठक में संभाग आयुक्त महादेव कावरे और आईजी संजीव शुक्ला ने भी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण ने सभा स्थल, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी बैठक में साझा की।


अन्य पोस्ट