बिलासपुर

खिलाडिय़ों से कराया कपल डांस, खेलो इंडिया का हेड कोच बर्खास्त
14-Nov-2024 12:29 PM
खिलाडिय़ों से कराया कपल डांस, खेलो इंडिया का हेड कोच बर्खास्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 नवंबर।
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बहतराई में तीरंदाजी के हेड कोच निलेश गुप्ता को अनुशासनहीनता और अनुचित व्यवहार के आरोपों के चलते बर्खास्त कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि दीपावली अवकाश के दौरान उन्होंने छात्रावासी खिलाडिय़ों को वापस घर जाने की अनुमति नहीं दी और प्रशिक्षण के बजाय कपल डांस व मड डांस जैसी गतिविधियों में संलग्न कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत के बाद इस मामले की जांच की गई। खेल संचालक तनुजा सलाम ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर के सहायक संचालक को 8 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जांच में वीडियो और फोटो सबूतों के आधार पर आरोप सही पाए गए, जिसमें कोच निलेश गुप्ता खुद अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल दिखे।

खेल संचालक ने इस गतिविधि को खिलाडिय़ों के भविष्य के साथ खिलवाड़ मानते हुए, निलेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। सहायक संचालक ए. एक्का ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो के जरिए मामले का खुलासा हुआ। दीपावली के दौरान खिलाडिय़ों को प्रैक्टिस के नाम पर घर न भेजने और अनुचित गतिविधियों में संलग्न करने के चलते यह कदम उठाया गया है।
 


अन्य पोस्ट