बिलासपुर

कांग्रेस नेता से जान का खतरा बताने वाले प्रत्याशी को मिली पुलिस सुरक्षा
09-Dec-2021 5:38 PM
कांग्रेस नेता से जान का खतरा बताने वाले प्रत्याशी को मिली पुलिस सुरक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 9 दिसंबर।
संजय गांधी नगर वार्ड 29 के निर्दलीय उम्मीदवार इदरीश खान को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
ज्ञात हो बिलासपुर नगर निगम के इस एकमात्र वार्ड में हो रहे उप-चुनाव में कुल 3 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस निर्दलीय प्रत्याशी के अलावा कांग्रेस और भाजपा मैदान में हैं। यह चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार शेख गफ्फार के निधन के कारण हो रहा है। परिणाम आने से पहले नगर निगम चुनाव के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने लगभग 2000 वोटों से यह चुनाव जीता था। कांग्रेस ने शेख असलम को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा से गणेश रजक लड़ रहे हैं।

कल इदरीश खान ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष अकबर खान ने उन्हें चुनाव लडऩे पर जान से मारने की धमकी दी है। खान के परिवार ने इदरीश खान का अपहरण हो जाने की शिकायत भी लिखाई थी लेकिन वह थोड़ी देर बाद घर लौट गए थे। अकबर खान ने इदरीश खान के आरोपों को चुनावी स्टंट बताया है।
प्रभारी एसपी उमेश कश्यप के निर्देश पर निर्दलीय उम्मीदवार इदरीश खान को दो सिपाही सुरक्षा में दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट