बेमेतरा

गौरा-गौरी पूजा, शिव-पार्वती की हुई शादी, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
12-Nov-2026 11:05 PM
गौरा-गौरी पूजा, शिव-पार्वती की हुई शादी, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक उत्सवों की पहचान दिवाली के बाद और बढ़ जाती है। इस दौरान गोवर्धन पूजा को लेकर जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। दीपावली के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व पर ग्रामीण अंचलों में गौ माता की पूजा-अर्चना, गोवर्धन पर्वत की आराधना, गौरा-गौरी विवाह की परंपरा निभाई गई। इसके साथ ही राउत नाचा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर ग्रामीणों ने सुबह से ही अपने घरों और आंगन में पूजा की तैयारियां पूरी की। गौ माता को स्नान कराकर सजाया गया तथा फूल-माला, तिलक और पारंपरिक पूजन सामग्री के साथ उनकी पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गाय-बैल को कृषि और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया।

गोवर्धन पूजा में भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीकात्मक पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल, पशुधन की खुशहाली और गांव में सुख-शांति की कामना की। ग्रामीण परंपरा के अनुसार इस पर्व का विशेष महत्व खेती-किसानी और गौवंश से जुड़ा हुआ है।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर छत्तीसगढ़ की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक राउत नाचा का भी विशेष महत्व रहा। जिले के गावों में खास तौर पर शाम को गौठान में सामूहिक गोवर्धन पूजा संपन्न हुआ। इसके बाद यादव समाज के लोगों के द्वारा रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों की धुन पर नृत्य प्रस्तुत किया जाता है।

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष  संत राजीव लोचन दास महराज ने बताया कि राउत नाचा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, वीरता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। पारंपरिक गीतों और नृत्य के माध्यम से ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलती है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩे और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

गौरा-गौरी का विवाह संपन्न

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति में गौरा-गौरी पूजा का विशेष स्थान है। पर्व के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में गौरा-गौरी की पूजा और विवाह की रस्मों को श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया गया. पारंपरिक गीतों, मंगल ध्वनियों और लोक रीति-रिवाजों के बीच गौरा-गौरी विवाह का आयोजन ग्रामीण संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से विवाह की रस्मों में सहभागिता निभाई. गौरा-गौरी की पूजा को सुख-समृद्धि, पारिवारिक खुशहाली और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है। इस परंपरा के माध्यम से नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं से जोडऩे का प्रयास भी किया जाता है।


अन्य पोस्ट