बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 नवंबर। बेसिक स्कूल ग्राउंड मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपरा को संजोए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ को तराश कर विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में अनूठा कार्य हो रहा है। सांसद बघेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को समृद्ध, खुशहाल, सशक्त नारी और युवा उड़ान के लिए महत्वाकांक्षी योजनाएं बनाई जा रही हैं। महतारी वंदन, कृषक उन्नति, नियद नेल्ला नार जैसी योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में हुए चहुंमुखी विकास की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में विकास, शांति, सुशासन और जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
कार्यक्रम के अंत में सांसद विजय बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय स्टॉल प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं और विभागों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना योगेश तिवारी, अध्यक्ष नगर पालिका विजय सिन्हा, अध्यक्ष जनपद पंचायत हेमा जय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू,एवं जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।