बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 26 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा जी के नेतृत्व में देवरबीजा में स्मार्ट मीटर से जुड़ी बिजली समस्याओं, बढ़ते बिजली बिलों एवं भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार हल्लाबोल किया।
कांग्रेसजनों ने देवरबीजा बस स्टैंड से बिजली कार्यालय तक विरोध मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया तथा बिजली कार्यालय का घेराव कर आम जनता और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए बिजली कार्यालय में स्मार्ट मीटर भी सौंपा गया। वहीं, वोट चोरी के मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस ने बिजली विभाग को दिया एक सप्ताह का समय प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों और बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा उठाया। कांग्रेस ने इन समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए विभाग को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान करने का समय दिया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि में उपभोक्ताओं की समस्याओं का संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया, तो कांग्रेस आम जनता के हित में आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों, बढ़ते बिजली बिलों और बिजली व्यवस्था की समस्याओं से आम जनता परेशान है। चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार उन वादों को पूरा करने में विफल नजर आ रही है। जनता को राहत देने के बजाय उसकी परेशानियां बढ़ाई जा रही हैं। भाजपा सरकार की कथनी और करनी का अंतर अब जनता के सामने उजागर हो रहा है। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ के पूर्व कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविन्द्र चौबे जी तथा पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे जी ने भी संबोधित किया। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि आम जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को राहत दिलाने और उसकी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के समय जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज वही जनता बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के कारण परेशान है।