बेमेतरा

23 लाख के खाद्यान्न घोटाले में महिला अध्यक्ष समेत 3 बंदी
26-Oct-2026 7:18 PM
23 लाख के खाद्यान्न घोटाले में महिला अध्यक्ष समेत 3 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 26 अक्टूबर। शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न सामग्री के गबन के एक गंभीर मामले में जिले की नांदघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खाद्य विभाग की जांच में भौतिक सत्यापन के दौरान 22.90 लाख रुपये से अधिक मूल्य के चावल और नमक की हेराफेरी तथा शासन के खाते में राशि जमा न करने का खुलासा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर यह कार्रवाई की।

शासकीय सम्पत्ति का दुरुपयोग और आपराधिक विश्वासघात का यह पूरा मामला ग्राम पंचायत टैमरी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालित साहिब बंदगी स्व- सहायता समूह एरमसही से जुड़ा हुआ है।

खाद्य निरीक्षक नवागढ़ प्राची केसरवानी द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन के आधार पर थाना नांदघाट में आरोपियों के विरुद्ध धारा 316(4), 3(5) बीएनएस तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3,7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। जांच में पाया गया कि संस्था के पदाधिकारियों द्वारा यह माह फरवरी और मार्च 26 में खाद्यान्न वितरण के लिए अग्रिम भंडारित, खाद्यान्न की राशि क्रमश: 44,198.17 रुपये और 21,183.53 रुपये नागरिक आपूर्ति निगम के खाते में जमा नहीं की गई थी। इसके अतिरिक्त माह फरवरी से जुलाई छब्बीस तक का बारदाना नियमानुसार गोदाम में जमा नहीं कराया गया था। दुकान में उपलब्ध सामग्री के भौतिक सत्यापन में 527.83 क्विंटल, चावल तथा 21.88 क्विंटल नमक की कमी पाई गई, जिसकी कुल शासकीय कीमत 22,90,190 रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर की टीम त्वरित कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 24 अक्टूबर को आरोपी विक्रेता मनीष साहू (18) समूह की अध्यक्ष पुष्पा साहू (60) तथा सचिव मीराबाई (33) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।

इस कार्रवाई में गबन मामले के खुलासे और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में नवागढ़ थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर, मोहन साहू, संजय भगत, मुकेश माहिर, मिथुन चंद्रवंशी, प्रताप सिंह यादव, महिला आरक्षक रामवती नेता तथा नवागढ़ पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट