बेमेतरा

कमल सखी अभियान से घर-घर पहुंचेंगी सरकार की योजनाएं-प्रज्ञा
21-Oct-2026 7:14 PM
कमल सखी अभियान से घर-घर पहुंचेंगी सरकार की योजनाएं-प्रज्ञा

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री करमवीर सिंह से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 21 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिवस शक्ति आराधना के पर्व के समापन के साथ ही भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री करमवीर सिंह से परिचयात्मक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें ‘संघ की अनसुनी कहानियां’ पुस्तक भेंट की तथा जिले में महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान प्रज्ञा निर्वाणी ने बताया कि महिला मोर्चा जिले के सभी 13 मंडलों में बैठकें आयोजित करने के बाद कमल सखी अभियान को जिला, मंडल और पंचायत स्तर तक विस्तार देने की दिशा में काम करेगा। इसके तहत भाजपा की विचारधारा से जुड़ी राष्ट्रवादी युवतियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों की भागीदारी बढ़ाकर संगठनात्मक गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना महिला मोर्चा की प्राथमिकता है।

प्रज्ञा निर्वाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए गए सेवा संकल्प अभियान और आंगन मिलन कार्यक्रम की जानकारी भी दी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला मोर्चा ने सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता से जुड़े प्रयास किए। संगठनात्मक गतिविधियों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के साथ ही आम लोगों से संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

 प्रदेश संगठन महामंत्री करमवीर सिंह ने महिला मोर्चा की पदाधिकारियों से संगठनात्मक जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने तथा भविष्य में और अधिक सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका के लिए तैयार रहने का आह्वान किया,उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महिला मोर्चा की भागीदारी और जिम्मेदारी पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट