बेमेतरा

नहर में पानी का प्रवाह बाधित होने से किसानों की चिंता बढ़ी, जिपं अध्यक्ष ने कलेक्टर से की चर्चा
21-Oct-2026 7:13 PM
नहर में पानी का प्रवाह बाधित होने से किसानों की चिंता बढ़ी, जिपं अध्यक्ष ने कलेक्टर से की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 21 अक्टूबर। ग्राम कुशमी, खर्रा, कुम्ही, सुरोहली और आनंदगांव सहित आसपास के गांवों में नहर से सिंचाई का पानी नहीं पहुंचने के कारण किसान परेशान हैं। धान की फसल के लिए पानी की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कलेक्टर से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान की पहल की है।कलेक्टर महोदय न जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने दुर्ग जिले के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री शिवहरे और एसडीओ श्री साव से भी चर्चा कर नहर में पानी का प्रवाह बाधित होने के कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि तांदुला डैम से पानी छोड़े जाने के बावजूद नहर में आगे पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। उफरा के पास नहर टूटने के कारण पिरदा और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी नहीं पहुंच पा रहा था। हालांकि, उफरा की नहर की मरम्मत कर दी गई है और पिरदा तक पानी पहुंच गया है।

अधिकारियों के अनुसार, बेरला ब्लॉक के कुछ गांवों तक पानी नहीं पहुंचने का मुख्य कारण सांकरा के पास स्थित सायफन में कचरा जमा होना है। कचरे के कारण पानी का मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे नहर का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। नहर में सायफन एक ऐसी संरचना होती है, जिसके माध्यम से नहर का पानी किसी सडक़, नाले, छोटी नदी या अन्य अवरोध के नीचे से पाइप अथवा बंद मार्ग के जरिए आगे पहुंचाया जाता है। सांकरा स्थित सायफन में कचरा जमा होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हुआ है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सायफन में जमा कचरे की सफाई के बाद ही नहर में पानी का प्रवाह सुचारु हो सकेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष से चर्चा के बाद अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर सांकरा स्थित सायफन की सफाई कर पानी की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।

कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि किसानों की धान की फसल के लिए समय पर सिंचाई का पानी मिलना बेहद जरूरी है। नहर में पानी नहीं पहुंचने से फसल प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सफाई और मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा में सायफन की सफाई कर नहर में पानी का प्रवाह बहाल किया जाएगा, जिससे प्रभावित गांवों के किसानों को राहत मिलेगी और धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट