बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अक्टूबर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेंदूभाठा विकासखंड साजा के प्रधान पाठक माखन लाल वर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर शाला परिसर में एक भव्य नेवता भोज का आयोजन किया।
इस अवसर पर शाला के सभी शिक्षकगण, शाला समिति के सदस्य तथा शाला के रसोइया सफाई कर्मचारी सभी बच्चे उपस्थित रहे। जन्मदिन के अवसर पर प्रधान पाठक ने बच्चों के बीच मिठाई, फल एवं भोजन खीर पुड़ी सलाद पापड़ वितरित किया।
उन्होंने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का दिन नहीं होता, बल्कि इसे बच्चों के साथ बाँटने से उसकी सार्थकता और बढ़ जाती है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, सेवा भाव और भाईचारे की भावना विकसित करना ही शिक्षक का वास्तविक धर्म है। कार्यक्रम में शाला समिति के सदस्यों ने प्रधान पाठक को सरपंच पुरषोत्तम शर्मा ने जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ और सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक द्वारा बच्चों के लिए आयोजित इस नेवता भोज से बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ शिक्षा ग्रहण करेंगे।
समस्त शिक्षकों ने भी इस अवसर पर बच्चों को अनुशासन, साफ-सफाई और नियमित अध्ययन का संदेश दिया।
बच्चों ने भी अपने प्रधान पाठक को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। अंत में प्रधान पाठक ने आए हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, समिति सदस्यों और बच्चों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम शाला परिसर में हर्षोल्लास, प्रेम और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।