बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अक्टूबर। बेमेतरा जिले में 3 जर्जर पेयजल टंकियाँ हादसों की आशंका बढ़ा रही है। बेमेतरा शहर में रेस्ट हाउस के सामने 40 साल पुरानी टंकी के खंभों से कांक्रीट उखड़ रही है और सरिया बाहर निकल आई है। ग्राम कठिया में वर्ष 1992 में बनी अनुपयोगी टंकी के नीचे आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। वहीं जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम बाबा मोहतरा में हाई वोल्टेज सब स्टेशन के पास बनी 30 साल पुरानी टंकी की हालत भी चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद, इन टंकियों को हटाने या सुरक्षित करने की कार्रवाई अब तक पूरी नहीं हुई है। तीनों टंकियों की स्थिति सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। शहर की टंकी के पास लोगों की आवाजाही बनी रहती है। कठिया में छोटे बच्चे जोखिम के बीच समय बिताते हैं और बाबा मोहतरा में विद्युत सब स्टेशन के पास संभावित खतरा है।
जर्जर टंकी के एक तरफ अस्पताल दूसरी तरफ भगवान की प्रतिमा
शहर के रेस्ट हाउस के सामने स्थित टंकी के मुख्य खंभों से कांक्रीट उखड़ रही है। सरिया बाहर निकाल आई है, और ऊपरी रेलिंग टूट चुकी है। टंकी के एक ओर अस्पताल और दूसरी ओर भगवान परशुराम के प्रतिमा वाला व्यस्त चौक है। नीचे दुकानों से भी लोग उठते-बैठते हैं। इस स्थानीय निवासी जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक टंकी को हटाने के लिए नगर पालिका और तत्कालिक कलेक्टर को ज्ञापन दिया जा चुका है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। टंकी की सफाई भी कई वर्षों से नहीं की गई है।
नगरपालिका सीएमओ नरेश वर्मा ने बताया कि लोक विभाग के पास से जांच कराने के बाद टंकी को गिराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टंकी की उपयोगिता संबंधी जानकारी उनके पास नहीं है।
टंकी के नीचे आंगनबाड़ी केंद्र
ग्राम कठिया में वर्ष 1992 में पेयजल आपूर्ति योजना के तहत टंकी बनाई गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक इससे कभी जलापूर्ति नहीं हुई। लोग स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग इसे अनुपयोगी और कंडम घोषित कर चुका है। इसके बावजूद टंकी के पास आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। जहां तीन से पांच वर्ष के 48 बच्चे आते हैं।
ग्रामीण लेखराम निषाद और अश्विनी मानिकपुरी ने टंकी को जल्द गिराने की मांग की है। विभाग के अधिकारी जगदीश प्रसाद के अनुसार ग्राम पंचायत चाहे तो टंकी गिराने की अनुमति ले सकती है। विभाग के लिए टंकी अनुपयोगी हैं।
हवा में हिलती टंकी, पास में हाई वोल्टेज सब स्टेशन
ग्राम बाबा मोहतारा में करीब 30 साल पुरानी टंकी हाई वोल्टेज सब स्टेशन के पास बनी है। सरपंच थानेश्वर देवदास के मुताबिक कई बार आवेदन देने के बावजूद टंकी की स्थिति सुधारने के लिए कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीणों का दावा है कि रोज हवा चलने पर टंकी हिलती है। इसके पास विद्युत विभाग के कर्मचारी के स्टाफ क्वार्टर भी है। टंकी की स्थिति से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल में मीडिया पर भी प्रसारित हो चुके हैं।