बेमेतरा

हजार रुपये में बैंक खाता बेचा, 2 बंदी
18-Oct-2026 7:44 PM
हजार रुपये में बैंक खाता बेचा, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 18 अक्टूबर। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते का दुरुपयोग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि एक आरोपी ने अपना बैंक खाता मात्र 1 हजार रुपये में दूसरे आरोपी को उपलब्ध कराया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम के अंतरण के लिए किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशानुसार, चौकी देवरबीजा और सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबलपुर (थाना साजा) निवासी महेश भारती  और नर्सिंग मनहरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की देवरबीजा शाखा स्थित एक बैंक खाते में 25 अक्टूबर 2024 को यूपीआई के माध्यम से 1,04,000 रुपये जमा हुए थे। जांच में यह राशि हरियाणा के सिरसा निवासी तरसेम सिंह के साथ हुई साइबर धोखाधड़ी से संबंधित पाई गई। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबलपुर निवासी महेश भारती ने अपना बैंक खाता गांव के ही नर्सिंग मनहरे को दे दिया था।

 और इसी खाते के माध्यम से ठगी की राशि का लेन-देन किया गया था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है।


अन्य पोस्ट