बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 अक्टूबर। बेमेतरा जिले के कठिया गांव में पटाखा फैक्ट्री के लिए भवन निर्माण की ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की है।
नायब तहसीलदार उईसयानी मानकर ने राजस्व और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासन ने चल रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दी है।प्रशासन ने संबंधित भू-स्वामी और निर्माणकर्ता को निर्माण की अनुमति, लाइसेंस और प्रस्तावित गतिविधि से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मौके पर आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वहां पटाखा फैक्ट्री ही स्थापित की जा रही थी।
स्थानीय निवासियों (अश्विनी दास मानिकपुरी, रेख राम निषाद आदि) ने क्षेत्र में घनी आबादी और आवागमन के रास्तों का हवाला देते हुए सुरक्षा पर खतरा जताया था और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की थी।
प्रशासन द्वारा निर्माण रुकवाए जाने के बाद अब दस्तावेजों की जांच और निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।