बेमेतरा

अमोरा एनीकट के पास जुआ खेलते 9 गिरफ्तार
08-Oct-2026 8:12 PM
अमोरा एनीकट के पास जुआ खेलते 9 गिरफ्तार

नगदी समेत 9.29 लाख  का सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 8 अक्टूबर। अमोरा भाटाखार एनीकट के पास जुआ खेल रहे लोगों पर सिटी कोतवाली और साइबर की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 2 लाख 49 हजार 170 रुपए नगद, 10 मोबाइल, 5 मोटरसाइकिल व स्कूटी समेत करीब 9 लाख 29 हजार 170 रुपए का सामान जब्त किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनिकेट के समीप कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दाव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही फड़ पर भगदड़ मच गई। कुछ लोग अंधेरे और झाडिय़ों का फायदा उठाकर भाग निकले। जबकि टीम ने 9 आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भोईनामाठा निवासी चोवाराम साहू (22), खिलौरा निवासी मानसिंह साहू(26), घिवरी निवासी यशवंत वर्मा(44), केवाँछी निवासी बलवंत वर्मा (52), देवरी निवासी अनिल साहू (26), कुर्मी पारा बेमेतरा निवासी राहुल कश्यप (24), कोबिया निवासी दुर्गेश शर्मा(23), सिंधी कालोनी निवासी पंकज हिरानी (32) और सेमरिया निवासी ओंकार साहू (20)शामिल है।

पुलिस ने फड़ से 52 पत्ती ताश और त्रिपाल भी जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिशोध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला, रुचि गर्ग के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम शामिल रही।


अन्य पोस्ट