बेमेतरा

बेमेतरा में दो बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार
30-Sep-2026 3:48 PM
बेमेतरा में दो बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार

बर्तन व कपड़े बेचने की आड़ में चलाते थे, चोरों का गिरोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 30 सितंबर।  जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के तहत एक बड़ा खुलासा हुआ है। महज 140 दिनों के भीतर पुलिस ने अवैध रूप से बेमेतरा में रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचा है। आरोपी बिना किसी वैध पासपोर्ट व वीजा के भारत में घुसे थे और फर्जी पहचान पत्र बनाकर बेमेतरा में अपने ठिकाना बना लिया। हालिया मामले में पकड़ा गया आरोपी मो. मोक्सादुल आलम कालू (35) बांग्लादेश के दिनाजपुर का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि ये घुसपैठिए सिर्फ खुद ही शरण नहीं लेते थे, बल्कि अपने अन्य साथियों को भी बुलाकर पूरा आपराधिक गिरोह संचालित करते थे।

जांच में मिले फर्जी दस्तावेज

विशेष टास्क फोर्स और साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी मो. मोक्सादुला आलम कालू को शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस पड़ताल में उजागर हुआ कि आरोपी वर्ष 2007 में अवैध तरीके से भारत की सीमा में दाखिल हुआ था और उसने संबलपुर ओडिशा में फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार करवाया थे। इससे पहले पिछले माह ही पुलिस ने सिंघौरी क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सुमोन खान को गिरफ्तार किया था, जिसने कर्नाटक में फर्जी पहचान  दस्तावेज बनवाए थे। दोनों आरोपियों का लंबा अपराधिक इतिहास रहा है। कालू पर अकेले बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव में चोरी, नकाबजनी और आबकारी के 13 से अधिक मामले दर्ज हैं। 23 सितंबर को ही जेल से छूटने के बाद वह दोबारा चोरी की नीयत से घूम रहा था, जिसे पकड़ कर रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया है। इस पूरी कार्रवाई का सबसे गंभीर पहलू यह है कि पकड़े गए दोनों बांग्लादेशी घुसपैठिए बेमेतरा शहर के भीतर ही सिंघौरी और सिटी कोतवाली क्षेत्र के किराए के मकानों में निसंकोच रहकर अपनी आपराधिक गतिविधियां चला रहे थे। शहर के बीचों बीच से लगातार दो बांग्लादेशी नागरिकों का पकड़ा जाना, यह स्पष्ट संकेत देता है कि शहर के भीतर अब अत्यधिक सतर्कता और पैनी नजर रखने की सख्त जरूरत है। बाहरी संदिग्ध लोग रिहायशी इलाकों में आसानी से पनाह पा रहे हैं, जो इस स्थानीय सुरक्षा के बड़ा खतरा है।

जांच में खुलासा हुआ था कि वह बिना किसी वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में दाखिल हुआ था और कर्नाटक से फर्जी पहचान पत्र बनाकर शहर में पहचान छिपाकर रह रहा था।  आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराए का मकान लेता था और गाँव-गली घूम कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में अपने गिरोह के साथ मिलकर कई चोरियां की थी। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 7 मामले दर्ज थे। जुलाई 2026 में जेल से छूटने के बाद उसने बेमेतरा के सिंघौरी में फिर चोरी की वारदात किया था।

जांच में घुसपैठियों के काम करने का तरीका सामने आया है। आरोपी आम लोगों की नजरों से बचने के लिए बर्तन और कपड़े बेचने का डमी कारोबार करते थे। हाथ में बर्तन व कपड़े लेकर यह गाँव-गाँव और शहर के गली-मोहल्लों में घूमते थे ताकि किसी को शक न हो।इस आड़ में यह मकानों और दुकानों की रेकी करते थे,

जहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा सकें। इसके साथ ही किराए का मकान लेकर यह अपने अन्य बांग्लादेशी साथियों को भी अपने पास बुला लेते थे और उनके साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से चोरी करते थे।


अन्य पोस्ट