बेमेतरा

कांग्रेस का हल्लाबोल: ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग पर कलेक्टोरेट घेरा
29-Sep-2026 2:58 PM
कांग्रेस का हल्लाबोल: ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग पर कलेक्टोरेट घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 सितंबर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी, चुनाव प्रक्रिया एवं मतदाता सूची में बदलावों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर बेमेतरा कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध मार्च निकाला और पुतला दहन किया।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली के बिना लोकतंत्र के समक्ष चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं।

 जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग पर एकपक्षीय निर्णय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामने आई रिपोर्टों से पार्टी द्वारा पूर्व में उठाए गए सवालों को बल मिला है।

 पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक गुरदयाल सिंह बंजारे ने भी सभा को संबोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शी समीक्षा की मांग की।

विरोध प्रदर्शन में सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक, पिछड़ा वर्ग व अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ, ब्लॉक व शहर कांग्रेस कमेटियों तथा स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।


अन्य पोस्ट