बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 सितंबर। रायपुर शहर जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राजेन्द्र शर्मा ने सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने जिले में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को मिल रहे लाभ की जानकारी राज्यपाल को दी।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं समाज के कमजोर वर्गों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान का भाव आया है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके घरेलू खर्चों में सहयोग के साथ-साथ परिवार के निर्णयों में उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ी है। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ गांव से लेकर शहर तक पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने से विकास एवं जनकल्याण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार का मूल उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई दे रही हैं। आवास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से जिले से जुड़े विकास एवं जनहित के विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।