बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 11 सितंबर। बेमेतरा जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग, सरकारी आवास सूची के फर्जी लिंक और बिजली मीटर प्रक्रिया के नाम पर धोखाधड़ी के चार मामले सामने आए हैं। दर्ज शिकायतों के अनुसार, पीडि़तों से कुल 21,79,059 की ठगी हुई है। पुलिस ने मामले दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
दर्ज मामलों का विवरण
फॉरेक्स ट्रेडिंग (सिटी कोतवाली): डिजिटल सेवा केंद्र संचालक को इंस्टाग्राम विज्ञापन और फोन के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग में लाभ का झांसा दिया गया। फर्जी वेबसाइट और वॉलेट पर मुनाफा दिखाकर पीडि़त से अलग-अलग खातों में 2.50 लाख से अधिक जमा कराए गए।
फर्जी आवास सूची लिंक (ग्राम भोपसरा): एक युवक के मोबाइल पर आवास सूची 2025-26 नाम से लिंक भेजा गया। 1 फरवरी को लिंक खोलने के बाद 9 फरवरी को मोबाइल बंद हो गया। 21 फरवरी को फोन चालू करने पर बैंक खाते से 3,73,918 कटने की जानकारी मिली।
ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप (नांदनधार): एक किसान को जेंगो ऐप और टेलीग्राम के जरिए निवेश का झांसा दिया गया। आईडी अनफ्रीज करने और क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 13,47,141 की धोखाधड़ी की गई।
फर्जी ऐप डाउनलोड (बेरला): बेकरी संचालक को बिजली मीटर प्रक्रिया के नाम पर फोन कर एक ऐप डाउनलोड कराया गया। ऐप के जरिए मोबाइल एक्सेस हासिल कर पीडि़त के दो बैंक खातों से 1,58,000 निकाल लिए गए। पीडि़त ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव ने बताया कि प्राप्त शिकायतों की जांच के पश्चात अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अज्ञात लिंक, फर्जी निवेश ऐप और अनधिकृत फोन कॉल्स से सावधान रहने की अपील की है।