बेमेतरा

जमीन त्रुटि सुधार एवं नामांतरण हेतु भटक रहे मऊ के ग्रामीणों को मिला नोटिस
09-Sep-2026 4:07 PM
जमीन त्रुटि सुधार एवं नामांतरण हेतु भटक  रहे मऊ के ग्रामीणों को मिला नोटिस

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 9 सितंबर। बेमेतरा तहसील अंतर्गत ग्राम मऊ के ग्रामीणों द्वारा जमीन के त्रुटि सुधार और नामांतरण हेतु प्रस्तुत आवेदनों पर समय सीमा में कार्रवाई न होने तथा आवेदकों को ही कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है। प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से मामले की शिकायत की है।ग्राम मऊ निवासी चमेली बाई (पति की मृत्यु के बाद भूमि हस्तांतरण हेतु 6 माह से प्रयासरत) तथा मिथिलेश साहू (त्रुटि सुधार हेतु 5 माह से लंबित आवेदन) सहित अन्य ग्रामीणों के राजस्व प्रकरण समय सीमा में निराकृत नहीं हुए हैं।

 तहसील कार्यालय की ओर से आवेदकों को नोटिस जारी कर 7 दिवस के भीतर लिखित में जवाब/क्षमा-याचना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं भू-राजस्व संहिता के अनुसार निर्विवाद नामांतरण 30 दिन, विवादित नामांतरण 90 दिन तथा रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार का कार्य 15 से 30 दिनों में पूर्ण होना अनिवार्य है। नायब तहसीलदार, बेमेतरा उमेश लहरी ने कहा कि वे इस विषय में उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के पश्चात ही अपना पक्ष रखेंगे। बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट