बेमेतरा

शिक्षक रूपेश साहू 48 घंटे से अधिक जेल में रहे, विभाग ने किया निलंबित
08-Sep-2026 4:23 PM
शिक्षक रूपेश साहू 48 घंटे से अधिक जेल में रहे,  विभाग ने किया निलंबित

बेमेतरा, 8 सितंबर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला घटौली (नरी) में पदस्थ शिक्षक रूपेश कुमार साहू को संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षक संभाग दुर्ग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिक्षक के 48 घंटे से अधिक अवधि तक अभिरक्षा में रहने पर की गई है।

 संभागीय कार्यालय दुर्ग में जारी आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा ने प्रतिवेदन किया था कि रूपेश कुमार साहू के विरुद्ध उच्च न्यायालय बिलासपुर लंबित प्रकरण सीआरआर नंबर 1493/2025 में गिरफ्तार वारंट जारी हुआ था।

 इसी वारंट की तामिली पर 26 अगस्त को होने की गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें जेल दाखिल किया गया। इस तथ्य की पुष्टि थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमतरा ने की है।

 शिक्षक के 48 घंटे से अधिक समय तक अभिरक्षा में रहने को छत्तीसगढ़, सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 01, 02, 03 के विपरीत, गंभीर कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए निलंबन किया गया है।

 निलंबन की कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9(2) के तहत की गई है। निलंबन अवधि में रूपेश कुमार साहू का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ जिला बेमेतरा नियत किया गया है।


अन्य पोस्ट