बेमेतरा
नगरपालिका ने कलेक्टर से मांगा आधिपत्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 5 सितंबर। बेमेतरा शहर के सिंघौरी वार्ड स्थित थोक सब्जी मंडी की भूमि के प्रबंधन और दुकानों के विस्तार को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने भूमि का आधिपत्य हस्तांतरित करने के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया है।
लगभग एक दशक पूर्व बाजार पारा स्थित थोक सब्जी मंडी को सिंघौरी वार्ड में स्थानांतरित किया गया था। उस समय 9 सब्जी व्यापारियों का व्यवस्थापन किया गया था, जबकि वर्तमान में वहां 16 थोक विक्रेताओं द्वारा व्यवसाय संचालित किया जा रहा है। प्लेटफार्म और रिक्त स्थानों पर निर्माण करने तथा स्थान आवंटन को लेकर नगरपालिका को शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिस पर संबंधित व्यापारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। रहवासियों का आरोप है कि मंडी क्षेत्र के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से पर एक ही परिवार का प्रभाव है और वहां अस्थाई व पक्के निर्माण किए जा रहे हैं, जिससे नए विक्रेताओं को स्थान मिलने में कठिनाई हो रही है। नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बताया कि मंडी में निर्धारित दायरे से अधिक स्थान पर निर्माण करने संबंधी शिकायतों पर व्यापारियों को एक माह पूर्व नोटिस जारी किया गया था, जिसका उत्तर अप्राप्त है। उन्होंने कहा कि भूमि का आधिपत्य मिलने के उपरांत नियमानुसार आवंटन कर मंडी को सुव्यवस्थित किया जाएगा।
सीएमओ नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि नोटिस का जवाब न मिलने पर पुन: नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी प्रतिनिधि सुरेश पटेल, थोक सब्जी विक्रेता ने कब्जे के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि 10 वर्ष पूर्व पालिका द्वारा ही व्यवस्थापन किया गया था।
बिना अनुमति निर्माण करने वालों की सूचना पालिका को दी जाती है।
उन्होंने कहा कि मंडी में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका का दायित्व है।