बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 सितंबर। ग्राम मुरता निवासी 22 वर्षीय मुकेश साहू ने नीट 2026 की परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। राज्य की प्रथम चरण की काउंसलिंग के माध्यम से उनका चयन शासकीय चंदूलाल चंद्राकर स्मृति मेडिकल कॉलेज, दुर्ग के लिए हुआ है।
हिंदी माध्यम और ऑनलाइन पढ़ाई से की तैयारी
कृषक मनोज साहू के पुत्र मुकेश ने कक्षा पहली से 12वीं तक की शिक्षा गांव के ही शासकीय विद्यालय से हिंदी माध्यम में पूर्ण की। 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान में प्रवेश लेने के बजाय घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। मुकेश ने वर्ष 2024 और 2025 में भी नीट की परीक्षा दी थी, हालांकि अंक कम रहने के कारण उनका चयन नहीं हो सका था।
अपनी त्रुटियों में सुधार करते हुए उन्होंने तीसरे प्रयास (नीट 2026) में सफलता प्राप्त की।
परिणाम घोषित होने तथा प्रथम चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उन्हें शासकीय चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज, दुर्ग में एमबीबीएस की सीट आवंटित की गई है।