बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 अगस्त। ग्राम अड़बंधा स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 42 इंच का एलईडी टीवी (कीमत लगभग 15,000) बरामद हुआ है। अड़बंधा निवासी टामन सिंह ठाकुर की शिकायत के अनुसार, वे 28 जून को मकान में ताला लगाकर दुर्ग गए थे। 7 अगस्त को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और 42 इंच का एलईडी टीवी गायब था। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर दाढ़ी बाज़ार स्थित नयापारा निवासी चंदन चंद्राकर (19 वर्ष) और दो नाबालिगों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ताला तोडक़र चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चंदन चंद्राकर के कब्जे से टीवी जब्त कर उसे 28 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।