बेमेतरा
परिजनों व कार्यकर्ताओं ने साजा थाने में किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 अगस्त। बेमेतरा जिले के साजा थाना अंतर्गत ग्राम मोहतरा में खेत में काम कर रहे कांग्रेसी नेता सुनीत साहू को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में परिजनों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने साजा थाने पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करने और कार्रवाई की मांग की।
सुनीत साहू की पत्नी गनेशिया बाई ने आरोप लगाया कि उनके पति को बिना कारण बताए ले जाया गया, जो अपहरण की श्रेणी में आता है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ईश्वर वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने में उपस्थित होकर पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। स्थिति को देखते हुए थान खम्हरिया थाना प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव साजा थाने में उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव ने बताया कि परिजनों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जा रही है तथा वार्ता के पश्चात ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।