बेमेतरा

हैप्पी बर्थडे कदम पेड़ भईया गीत गाकर, राखी बांधकर मनाया जन्मदिन
28-Aug-2026 7:07 PM
हैप्पी बर्थडे कदम पेड़ भईया गीत गाकर, राखी बांधकर मनाया जन्मदिन

प्रकृति, प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का जीवंत उदाहरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 अगस्त। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला खपरी धोबी में नवाचारी प्रधान पाठक धनेश रजक के मार्गदर्शन में स्कूली बेटियों एवं बच्चों ने विद्यालय परिसर में लगे कदम पेड़ को राखी बाँधकर उसका जन्मदिन मनाया। यह कदम का पौधा 27 अगस्त 24 को नवाचारी प्रधान पाठक धनेश रजक द्वारा लगाया गया था। आज यह पौधा बढक़र बच्चों के लिए प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का जीवंत उदाहरण बन गया है।

प्रधान पाठक धनेश रजक ने बच्चों का जन्मदिन मनाने की तरह ही कदम पेड़ का जन्मदिन मनाने की तैयारी की। इसके लिए केक और गुब्बारों की व्यवस्था की गई। बच्चों ने पेड़ को रंग-बिरंगी राखी बाँधी और उसे अपना  ‘कदम पेड़ भईया ’ मानकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर बच्चों ने मिलकर  ‘हैप्पी बर्थडे कदम पेड़ भईया ’ गीत गाया। इसके बाद केक काटा गया और बच्चों ने पेड़ को भी प्रेमपूर्वक केक खिलाकर उसके प्रति अपने स्नेह का भाव प्रकट किया। इस अनूठी गतिविधि ने पूरे विद्यालय परिसर को खुशी और प्रकृति प्रेम से भर दिया।

इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और पेड़-पौधों से भावनात्मक रूप से जोडऩा, उनमें पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना तथा रक्षाबंधन जैसे पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोडऩा है। बच्चों को यह संदेश देना कि जिस प्रकार हम अपने भाई-बहनों की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार पेड़ों की रक्षा करना भी हमारा दायित्व है। इस गतिविधि से बच्चों में पेड़-पौधों के प्रति अपनापन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। बच्चों ने पेड़ को परिवार के सदस्य के रूप में स्वीकार करते हुए उसकी देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लिया। गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने आनंदपूर्वक पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक पाठ सीखा।

इस अवसर पर प्रभारी प्रधान पाठक तारकेश्वर निर्मलकर, सहायक शिक्षक थुकेल राम तारम, शिक्षक चंद्रशेखर कश्यप, स्वयंसेवी शिक्षिका गुनिता यामिनी निर्मलकर सहित विद्यालय के सभी बालक बालिकाएँ उपस्थित रहे। 27 अगस्त 2024 को लगाया गया यह कदम पौधा आज बच्चों के लिए केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि विद्यालय की पर्यावरणीय सोच, प्रेम और संरक्षण की भावना का प्रतीक बन गया है। पेड़ को भी परिवार का सदस्य मानें, उसका जन्मदिन मनाएँ और जीवनभर उसकी रक्षा करें।


अन्य पोस्ट