बेमेतरा
तेज बहाव में बहा, रात भर झाडिय़ों में छिपा रहा, पुलिस ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 28 अगस्त। देवकर चौकी अंतर्गत ग्राम कुम्हेगौड़ा में बीती शाम एक हादसे के बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने देर रात तक पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ा दी। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर में एक बुजुर्ग किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों के गुस्से और पिटाई के डर से मोटरसाइकिल पर सवार नाबालिग सुरही नदी में कूद गया। तेजवाह में वह करीब एक किलोमीटर दूर तक बह गया, लेकिन किसी तरह किनारे पकडक़र अपनी जान बचा ली। इसके बाद, वह पूरी रात नदी किनारे झाडिय़ों में छिपा रहा और सुबह सुरक्षित अपने घर पहुंचा।
लोगों की मार का डर
लोगों ने आशंका जताई कि नाबालिग को मोटरसाइकिल से भी दुर्घटना के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और मार खाने का डर सताने लगा। इसलिए उसने आगे बढऩे के लिए रास्ता न देखने पर नदी में छलांग लगाने का कदम उठाया।
सुबह सुरक्षित घर पहुंचा बालक
इधर नाबालिग पूरी रात नदी किनारे झाडिय़ों में छिपा रहा। सुबह उजाला होने पर, वह दूसरे रास्ते से करीब पांच बजे अपने घर पहुंच गया। बालक के सुरक्षित लौटने की सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली।
डर के कारण नदी में छलांग लगाई
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों का आक्रोश देखकर नाबालिग घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए पास बह रही सुरही नदी में छलांग लगा दी। नदी का बहाव तेज होने से वह करीब एक किलोमीटर दूर तक बह गया।काफी मशक्कत के बाद, उसने किनारा पकडक़र खुद को सुरक्षित निकाला।
साथी ने दी सूचना रात भर चली खोजबीन
नाबालिग के साथ ही युवक ने बाहर निकलने के बाद जब उसका पता नहीं चला तो देवकर चौकी पहुंचकर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने रात में टॉर्च की रोशनी में नदी किनारे सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात तक तलाश के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका। हालात को देखते हुए एसडीआरएफ को भी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना दी गई थी और सुबह कोताखोरों की मदद से खोज बिना अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही थी।
पीडि़त पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई
देवकर पुलिस चौकी प्रभारी अलील चंद ने बताया कि दुर्घटना में घायल पक्ष की ओर से अब तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। लापता बालक की तलाश के लिए, देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था और एसडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई थी। सुबह करीब छह बजे नाबालिग के पिता पुलिस चौकी पहुंचकर उसके सुरक्षित और घर लौटने की जानकारी दी। इसके बाद बालक से पूछताछ कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।