बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ के एलबी संवर्ग के शिक्षक संगठनों के संयुक्त मंच ‘शिक्षक साझा मंच’ के ‘सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा’ अभियान के अंतर्गत शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन प्रेषित किया है।
शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय एवं जिला प्रतिनिधियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी साजा और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा के माध्यम से मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री तथा लोक शिक्षण संचालनालय के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव (स्कूल शिक्षा), संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित की गई है।
शिक्षक साझा मंच के प्रतिनिधियों का कहना है कि शासकीय विद्यालयों में कार्यरत सहायक शिक्षक एवं शिक्षक संवर्ग लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। संगठन के अनुसार सेवा सुरक्षा और वेतन से जुड़े विषय शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यक्षमता से संबंधित हैं, जिन पर शासन द्वारा सकारात्मक निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बसंत कौशिक, अशोक कुमार धुर्वे, पोखन साहू, चंद्रशेखर पटेल, दम्मन साहू, अजय यादव, तारन दास मानिकपुरी, धनेश रजक, कमल शर्मा, जीवन चंदेल, ढाल सिंह यादव, राकेश देवांगन, टिकेंद्र राजपूत, जय बहादुर राजपूत, दिनेश निषाद और सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें
अन्य राज्यों की भांति छत्तीसगढ़ में कार्यरत शिक्षकों को विशेष टीईटी की अनिवार्यता पर पूर्ण सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए तथा प्रचलित नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण की जाए। सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की गई है। प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना करते हुए क्रमोन्नति, पुरानी पेंशन सहित समस्त वित्तीय एवं सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए संगठन ने मांग की है कि पदोन्नति प्रक्रिया में पात्रता व अवसर सुनिश्चित किए जाएं।