बेमेतरा
पशु चिकित्सा विभाग ने दो शव मिलने और कई बीमार होने की पुष्टि की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 अगस्त। हेमाबंद में गौवंशों की कथित बदहाली और मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और गौसेवकों के अनुसार यहां करीब 150 गवंश रखे गए थे, जिनमें से लगभग 50 की मौत होने की बात कही जा रही है। हालांकि पशु चिकित्सा विभाग में मौके पर दो गायों के शव मिलने तथा कई गौवंशों के बीमार होने की पुष्टि की है। बड़ी संख्या में मिले कंकालों की वास्तविक स्थिति की पुष्टि अभी बाकी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया, वहीं गौ सेवक आयोग के उपाध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस ने बाड़ा संचालक के विरुद्ध बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया है।
मिली जानकारी अनुसार ग्राम हेमाबंद स्थित एक निजी बाड़े में गौवंशों की कथित उपेक्षा और मौतों की सूचना मिलने के पश्चात पुलिस प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की है।
कारेसरा निवासी हरीश कुमार चौहान की शिकायत के आधार पर दाढ़ी थाना पुलिस ने आरोपी दिलीप राय के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रति मवेशी 1200 रुपये की दर से मवेशियों को बाड़े में रखा जाता था, जहां पर्याप्त चारा-पानी, स्वच्छता और स्थान का अभाव था। शिकायत के अनुसार, मृत पशुओं के निस्तारण में भी लापरवाही बरती गई। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. राजेंद्र भगत ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर विभागीय टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो गायों के शव मिले हैं और कुछ गौवंश बीमार पाए गए हैं। मौके पर पशुओं के कुछ कंकाल भी प्राप्त हुए हैं, जिनकी संख्या और स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है। विभाग द्वारा जांच पूर्ण होने के पश्चात ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामला सामने आने के उपरांत गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। स्थानीय नागरिकों एवं गौसेवकों ने बीमार गौवंशों के लिए तत्काल चिकित्सकीय सहायता, चारे-पानी की व्यवस्था और मृत पशुओं के अवशेषों के उचित निस्तारण की मांग की है।