बेमेतरा

साइबर जागृति अभियान: शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश
21-Aug-2026 4:52 PM
साइबर जागृति अभियान: शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 21 अगस्त।  साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान साइबर अपराध के विरुद्ध जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।

जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रांतर्गत पुलिस टीम द्वारा थाना खम्हरिया से चंद्रशेखर आजाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नवागांव कला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्राम खाती, चौकी कंडरका से शासकीय हाई स्कुल हरदी, चौकी  देवरबीजा से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेंदुआ नयापारा, थाना नांदघाट से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी, थाना बेरला से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतोरा, थाना नवागढ से सरस्वती शिशु मंदिर नवागढ, थाना चंदनू से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मउ, चौकी खंडसरा से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लावातरा में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिला पुलिस बेमेतरा द्वारा अभियान के प्रथम सप्ताह में छात्र-छात्राओं पर विशेष फोकस करते हुए उक्त विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के बढ़ते खतरों से बचाने तथा शुरुआती स्तर से ही साइबर सुरक्षा की समझ विकसित करने के उद्देश्य से डिजिटल साक्षर बनाया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट को मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से सुरक्षित रखने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट एवं संदिग्ध प्रोफाइल से सावधान रहने तथा निजी फोटो, दस्तावेज एवं व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेष रूप से यूपीआई एवं ऑनलाइन बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन में तत्काल सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, केेवाईसी द अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक एवं क्यूआर, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड तथा निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

 पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनकी मेहनत की कमाई हड़पने का प्रयास करते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। साथ ही संबंधित बैंक अथवा वित्तीय संस्था को तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई, ताकि समय रहते खाते एवं लेनदेन को सुरक्षित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 


अन्य पोस्ट