बेमेतरा
कलेक्टर ने जांच के लिए टीम गठित की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अगस्त। जिला स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के बीच पिछले करीब दो सप्ताह से चल रहा विवाद मंगलवार को बड़े आंदोलन में तब्दील हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों पर कथित मानसिक प्रताडऩा, अभद्र व्यवहार और महिला कर्मचारियों के साथ अमर्यादित आचरण के आरोप लगाते हुए जिले के चारों ब्लॉक के करीब 400 सीएचओ ने काम बंद कर दिया। स्वास्थ्य सेवाएं ठप करने के बाद कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय में विरोध रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने आगे बढ़े। लेकिन पुलिस ने सिग्नल चौक पर बैरिकेट्स कर उन्हें रोक दिया।
आंदोलन के कारण साजा, बेरला, नवागढ़ और बेमेतरा क्षेत्र के कई आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं प्रभावित रही। ग्रामीण क्षेत्र से इलाज और दवा के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएचओ संघ का कहना है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों के बावजूद उनकी शिकायतों पर ठोस कार्वय नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
मामले में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा -कर्मचारियों की ओर से गंभीर शिकायत की गई है। इसकी जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसे शासन को प्रस्तुत किया जाएगा।
नियमों का उल्लंघन, वेतन रोकने की भी शिकायत
सीएचओ संघ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्धारित टर्म का रिफरेंस का पालन नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया है। संघ के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सेवाएं प्रभावित होने के बावजूद सीएचओ को विभिन्न सर्वे एवं अभियानों में भेजा जाता है। बाद में केंद्र बंद रहने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर डाली जाती है। कर्मचारियों को नौकरी से हटाने, गोपनीय चरित्रावली खराब करने और झूठी एफआईआर में फंसने की भी धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके अलावा मुख्यालय में निवास के नाम पर लंबे समय से वेतन रोके जाने की शिकायत करते हुए लंबित वेतन का भुगतान करने की मांग की गई है।
अपमानजक व्यवहार का आरोप
संघ ने ज्ञापन में सीएमएचओ और कुछ खंड चिकित्सा अधिकारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का आरोप है की समीक्षा बैठकों के दौरान उनके साथ अपमानजक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है। महिला कर्मचारियों के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने तथा अनुचित व्यवहार किए जाने के आरोप भी ज्ञापन में लगाए गए हैं। संघ ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारों पर कार्यवाही की मांग की है।
मांगे पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन
सीएचओ संघ ने चेतावनी दी है की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही और रोके गए वेतन को भुगतान नहीं की किया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन तक जारी रखा जाएगा। संघ ने अधिकारियों के व्यवहार में सुधार और कार्य स्थल पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।