बेमेतरा

बर्तन बेचने की आड़ में चोरी करता था बांग्लादेशी नागरिक
19-Aug-2026 3:55 PM
बर्तन बेचने की आड़ में चोरी करता था बांग्लादेशी नागरिक

फर्जी आधार-पैन से खुद को बताता था भारतीय

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 19 अगस्त। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंघोरी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमन खान (24) निवासी दिनाजपुर बांग्लादेश के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार वह बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में दाखिल हुआ था और फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई राज्यों में चोरी और नकबजनि  की वारदातें को अंजाम दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के मार्गदर्शन में साइबर सेल की तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की पहचान सामने आई। पूछताछ से पता चला कि उसने कर्नाटक से फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवाया रखे थे। इन दस्तावेजों के आधार पर वह खुद को भारतीय नागरिक बताता था। पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक में उनके खिलाफ चोरी नकबजनी  और आर्म एक्ट से जुड़े मामले दर्ज है।  पुलिस के अनुसार आरोपी बर्तन बेचने के बहाने अलग-अलग शहरों और गांव में घूमता था। इसी बहाने वह किराए का मकान लेकर दिन में आसपास के क्षेत्र की रैकी करता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि उनके साथ अन्य अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक भी जुड़े हो सकते हैं। मामले की कडिय़ां जोडऩे के लिए पुलिस ने देश के 14 प्रमुख जिलों की पुलिस से संपर्क किया है।  आरोपी के खिलाफ बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और राजनांदगांव में करीब सात मामले दर्ज बताए गए हैं। वर्ष 2019 में बेमेतरा और कवर्धा 2022 में राजनांदगांव में चोरी के मामले सामने आए थे कर्नाटक में लूट और नागपुर में आर्म एक्ट के मामले में भी वह जेल जा चुका है। जुलाई 2026 में जेल से रिहा होने के बाद उसने बेमेतरा में फिर चोरी की वारदात की। पुलिस ने मकान मालिकों से बाहरी लोगों को किराए पर रखने से पहले अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन करने की अपील की है।

संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस के टोल फ्री नंबर 18002331905 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट