बेमेतरा
कांग्रेस की बैठक: पदाधिकारियों को दिया गांव-गांव जनसंपर्क का मंत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अगस्त। ग्राम उसलापुर में दक्षिण मंडल कांग्रेस कमेटी की प्रथम बैठक एवं नवनियुक्त पदाधिकारी की नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने साजा क्षेत्र के मौजूद परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि थोड़ी सी चूक के कारण क्षेत्र का विकास लगभग 10 साल पीछे चला गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर उनका विश्वास दोबारा हासिल करने का आव्हान किया।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें स्मार्ट मीटर को लेकर भी आम लोगों में असंतोष का दावा किया। चौबे ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा बिजली बिल चुकाने में खर्च हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आम जनता की आवाज बनने की अपील की। चौबे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उनकी पहचान पत्र से नहीं बल्कि जनता के सुख-दुख में खड़े रहने से बनती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य किए गए थे। नवनियुक्त पदाधिकारी को उन्होंने संगठन के जिम्मेदारी का गंभीरता से निभाने और केवल बैठकों का सीमित न रहने की सलाह दी। कार्यक्रम को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रोशन सिंह, दक्षिण मंडल अध्यक्ष अविनाश सरकार पटेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष ओम वर्मा, राजेश साहू, किसान कांग्रेस अध्यक्ष जलेश्वर राजपूत और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बनारस सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष पुन्नी लाल पटेल, जितेंद्र उपाध्याय, ओंकार पटेल, ईश्वर वर्मा, राजेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।