बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 14 अगस्त। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा एवं कृषि जीवन से जुड़ा प्रथम तिहार हरेली का आयोजन मुख्यमंत्री निवास रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस अवसर पर बेमेतरा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं रायपुर जिला संगठन प्रभारी राजेन्द्र शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, ग्रामीण संस्कृति एवं कृषि जीवन की सुंदर झलक देखने को मिली। पूरे परिसर में पारंपरिक उत्साह और उमंग का वातावरण रहा।
इस अवसर पर राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन की पहचान है। हमारी सरकार प्रदेश की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री निवास में हरेली तिहार का आयोजन प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने का एक सराहनीय प्रयास है। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति अपनी सहजता, सरलता और विविधता के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखती है। हरेली जैसे पारंपरिक पर्व हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, गांव, किसान और प्रकृति से जोडऩे का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी लोक संस्कृति को नई ऊर्जा मिलती है और आने वाली पीढिय़ों तक हमारी गौरवशाली परंपराएं पहुंचती हैं।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।