बेमेतरा

सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए उमड़ा छात्राओं का स्नेह
06-Aug-2026 4:20 PM
सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए उमड़ा छात्राओं का स्नेह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 6 अगस्त। रक्षाबंधन से पहले जिले में चल रहे ‘सिपाही रक्षा सूत्र अभियान’ को बुधवार को उस समय भावनात्मक स्वरूप मिला, जब शासकीय कन्या शाला बेमेतरा की सैकड़ों छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए अपने हाथों से रक्षा सूत्र समर्पित किए। छात्राओं ने रक्षा सूत्र भाजपा महिला मोर्चा की टीम को सौंपते हुए सैनिकों की सुरक्षा और दीर्घायु की कामना की।

 भाजपा महिला मोर्चा पूरे बेमेतरा जिले में स्कूलों, स्वयं सहायता समूहों और समाज की विभिन्न बहनों से रक्षा सूत्र एकत्रित कर रहा है। जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने बताया अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उन सैनिकों तक बहनों का स्नेह और सम्मान पहुंचाना है, जो अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की रक्षा में जुटे हैं।

7 अगस्त को भारत माता चौक में भारत माता की महाआरती के बाद जिलेभर से एकत्रित रक्षा सूत्रों को पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह को सम्मानपूर्वक सौंपा जाएगा, इसके बाद इन्हें देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक भेजा जाएगा।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पारिवारिक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित वीर जवानों के प्रति हर बहन की कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। जिले की बहनें अपने सैनिक भाइयों तक प्रेम, विश्वास और शुभकामनाओं का यह संदेश पहुंचाने के लिए उत्साहपूर्वक अभियान से जुड़ रही हैं।


अन्य पोस्ट