बेमेतरा
उत्तेजित ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 3 अगस्त। बेमेतरा जिले में बुजुर्ग महिला के गले से दो बाइक सवारों द्वारा चेन खींचने की वारदात सामने आई है। महिला की आवाज सुनकर गांवों के ग्रामीणों ने दोनों संदिग्ध युवकों को चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया। उत्तेजित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को घेरा। बढ़ते तनाव को देखते हुए साजा थाना सहित आसपास के पुलिस थानों और चौकिया से अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया।
ग्राम भरदा लोधी में घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला मोतिम बाई जंघेल के गले से दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने करीब डेढ़ तोले का सोने का हार झपट लिया और मौके से बाइक से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुए इस घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया और पीडि़तों के शोर मचाते ही आसपास के गांव के लोग तुरंत हरकत में आ गए।
महिला की आवाज सुनकर भरदा लोधी, मुगनाटोला और मोहतरा गांव के ग्रामीण ने तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्ध युवकों को चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने हार को पास के खेत में फेंकने की बात कही। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पूरा खेत छान मारा, लेकिन हार नहीं मिला।
घटना में उग्र ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे पुलिस गाडिय़ों को घेर लिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए साजा थाना सहित आसपास के पुलिस थानों और चौकिया से अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को ग्रामीण के बीच से सुरक्षित निकाला और थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।