बेमेतरा

विदेशी तोहफा भेजने का झांसा दे युवती से साढ़े 6 लाख की ठगी
03-Aug-2026 3:21 PM
विदेशी तोहफा भेजने का झांसा दे युवती से साढ़े 6 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 3 अगस्त।  सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और विदेशी तोहफा भेजने का लालच देकर साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कवर्धा जिले की मूल निवासी युवती बेमेतरा में साइबर ठगों के जाल में फंसकर लगभग 6 लाख 44 हजार की धोखाधड़ी का शिकार हो गई। पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस के मुताबिक पीडि़ता की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 15 दिनों के दौरान एक अज्ञात शख्स से बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को ब्रिटेन का निवासी बताकर पीडि़ता को अपने झांसे में लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढऩे लगी और आरोपी ने पीडि़ता का विश्वास जीत कर उसे विदेश से महंगे उपहार भेजने का लालच दिया। शातिर ठग ने पीडि़ता को सोने के सेट, नगदी ,मोबाइल और हीरे की अंगूठी भेजने का वादा किया। इसके बाद आरोपी ने सामान की कोरियर पैकिंग करने की फर्जी तस्वीर व रसीदें पीडि़ता के ह्वाट्सएप पर भेजी, जिससे पीडि़ता को उसकी बातों पर पूरा भरोसा हो गया। इसके तुरंत बाद ठगी की प्रक्रिया शुरू हुई।

ठग गिरोह के अन्य सदस्यों ने कुरियर एजेंट, बैंक कर्मचारी और कस्टम अधिकारी बनकर पीडि़ता से संपर्क किया। उन्होंने पार्सल क्लियरेंस, कस्टम ड्यूटी और टैक्स के नाम पर पैसों की मांग की। आरोपियों के दबाव में जाकर पीडि़ता ने विभिन्न किस्तों में कुल 6,40 हजार रुपए से अधिक की रकम खाते में ट्रांसफर किए पर पार्सल नहीं पहुंचा।

रकम देने के बाद भी जब पार्सल नहीं पहुंचा और आरोपियों ने और अधिक रकम की मांग की, तब पीडि़ता को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया और तकनीक की टीम की मदद से मामले की जांच शुरू की।

 बेमेतरा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। ट्रांजैक्शन संबंधी डाटा जुटाया जाएगा।

अभियानों के बावजूद 63 प्रकरण दर्ज

बेमेतरा जिले में ठगी और साइबर अपराधों के बढ़ते आंकड़े पुलिस प्रशासन के लिए सर दर्द बने हुए हैं। वर्ष 2023 से लेकर फरवरी 2026 तक जिले में ठगी के कुल 63 मामले दर्ज किया जा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार 2023 में सामान्य साइबर ठगी के 17 मामले दर्ज हुए थे जो 2024 में बढक़र 22 सामान्य प्रकरण और 13 साइबर ठगी के प्रकरण बने बनाए गए। वहीं 2025 में 12 मामले दर्ज हुए और 2026 के शुरुआती 2 महीना में ही पांच नए मामले सामने आ चुके हैं। यह स्थिति तब है जब बेमेतरा पुलिस जनता को सूचित करने के लिए साल भर में 225 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर चुकी है।

एसडीओपी ने नागरिकों से की अपील

ठगी की घटनाओं को देखते हुए बेमेतरा एसडीओपी भूषण एक्का ने आम जनता से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्हें नागरिकों को आगाह किया है कि वह किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपने घर में प्रवेश न दे और ना ही सोना चमकने, पैसा दुगना करने या तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर आने वाले संदिग्धों के झांसे में ना आए।

यदि ऐसा कोई संदेश व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत अपनी नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ नशापान करना या उसे अपने वाहन की चाबी सौंपना अत्यंत जोखिम भरा हो सकता है।


अन्य पोस्ट