बेमेतरा

नमस्ते इंडिया: स्वच्छता दीदियों का सम्मान व किट वितरण
03-Aug-2026 3:02 PM
नमस्ते इंडिया: स्वच्छता दीदियों का सम्मान व किट वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 3 अगस्त। नगर पालिका बड़े बचेली, जिला दंतेवाड़ा में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन  के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों के लिए ‘नमस्ते इंडिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रसंस्करण में निरंतर जुटी स्वच्छता दीदियों को विशेष सुरक्षा एवं कार्य प्रोत्साहन किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पी.आई.सी. के स्वच्छता मंत्री धंसिंग नाग, पी.आई.सी. पेयजल मंत्री दीपक सरकार एवं स्थानीय पार्षद श्रीमती तांडी जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि 2017 से अब तक बड़े बचेली को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने में इन स्वच्छता दीदियों का योगदान ऐतिहासिक है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के वैज्ञानिक नियमों का जमीनी स्तर पर पालन कराकर इन्होंने नगर को बीमारियों से मुक्त रखने और पर्यावरण संरक्षण में अतुलनीय सेवा दी है।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा स्वच्छता दीदियों को उनके स्वास्थ्य और कार्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष नमस्ते इंडिया किट (जिसमें पीपीई, सुरक्षा उपकरण व दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं) सौंपी गई।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी नगर को ‘जीरो वेस्ट टाउनशिप’ बनाने की दिशा में इसी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।

2017 से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का आधार बनीं स्वच्छता दीदी

शासन द्वारा वर्ष 2017 में लागू की गई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली के तहत नगर पालिका बड़े बचेली में वैज्ञानिक तरीके से कचरा संग्रहण और निपटान की शुरुआत की गई थी। उस समय से लेकर अब तक ये स्वच्छता दीदी नगर के प्रत्येक वार्ड से प्रतिदिन घर-घर जाकर अपशिष्ट एकत्र कर रही हैं। कचरे को गीला (जैविक), सूखा (पुनर्चक्रण योग्य) और हानिकारक श्रेणियों में अलग करने का कार्य सफलतापूर्वक कर रही हैं।  गीले कचरे से जैविक खाद के निर्माण और सूखे कचरे को रिड्यूस, रियूज और रीसाइकिल सिद्धांत के तहत रीसाइक्लिंग के लिए भेजने में इनकी मुख्य भूमिका रही है, जिससे ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे के ढेर में भारी कमी आई है।


अन्य पोस्ट