बेमेतरा

मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव ने डॉ. निर्वाणी को सौंपा छत्तीसगढ़ राज्य सलाहकार का दायित्व
01-Aug-2026 7:04 PM
मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव ने डॉ. निर्वाणी को सौंपा छत्तीसगढ़ राज्य सलाहकार का दायित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 1 अगस्त। सहकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सिम्पली देसी मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव ने डॉ.सौरव निर्वाणी को छत्तीसगढ़ राज्य सलाहकार नियुक्त किया, सहकारिता विस्तार की नई जिम्मेदारी सौंपी। सिंपलीदेशी केंद्र के सहकारिता मंत्रालय के अधीनस्थ मल्टीस्टेट कोऑप्रेटिव संस्थान है जो राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाज़ार उपलब्ध कराती है।

संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंकर दत्त तिवारी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार डॉ. निर्वाणी मानद आधार पर राज्य में सहकारिता के विस्तार, संगठन सुदृढ़ीकरण, व्यवसाय विकास तथा रणनीतिक मार्गदर्शन का दायित्व निभाएंगे। नियुक्ति के उपरांत डॉ. सौरव निर्वाणी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू से उनके नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास में सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया तथा प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के विषय में विस्तृत चर्चा की।

नव नियुक्त राज्य सलाहकार डॉ.सौरव निर्वाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सहकारिता मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को धरातल पर उतारने के लिए छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को सहकारिता से जोडक़र उन्हें उत्पादन, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होगी। हमारा प्रयास होगा कि सहकारिता केवल एक संस्था न रहकर जन-आंदोलन का रूप ले और छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का राष्ट्रीय मॉडल बने।

डॉ. निर्वाणी ने बताया कि प्रदेश में सहकारिता आधारित नेटवर्क का विस्तार, स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा रोजगार सृजन के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोडक़र सहकारिता को जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाया जाएगा।


अन्य पोस्ट