बेमेतरा

कॉलेज परिसर में युवक पर हमला, जख्मी
31-Jul-2026 7:42 PM
कॉलेज परिसर में युवक पर हमला, जख्मी

बेमेतरा, 31 जुलाई। शासकीय पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय परिसर में उसे वक्त हडक़ंप मच गया जब एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार रायपुर के हीरापुर का रहने वाला शिवानंद निषाद अपने दोस्तों से मिलने बेमेतरा आया था। वह कॉलेज हाल में अपने सभी दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी आरोपी वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली- गलौज करते हुए विवाद करने लगा।

बताया जा रहा है कि आरोपी कॉलेज परिसर में बुलेट से तेज आवाज निकालने की पुरानी बात को लेकर नाराज था। बहस के दौरान आरोपी ने पहले लाठी से हमला किया और जब शिवानंद ने लाठी छीन ली तो आरोपी ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया। हमले में शिवानंद गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद दोस्तों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई और तुरंत शासकीय जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रिफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर लिया है।


अन्य पोस्ट