बेमेतरा
हटाई गर्इं महिला तहसीलदार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 28 जुलाई। ग्राम पदमी में शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने और जांच करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों ने पंचायत भवन में बंधक बना लिया। थान खम्हरिया की तहसीलदार सरिता मढ़रिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू के नेतृत्व में गए टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद प्रशासन ने आरोपियों पर आपराधिक मामला दर्ज कराया है। इस घटना के तुरंत बाद कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने प्रशासनिक कदम उठाते हुए केस दर्ज करने वाली महिला तहसीलदार समेत राजस्व अधिकारी का तत्काल स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया।
मामला 25 जुलाई दोपहर का है, जब अधिकारी जांच करने पहुंचे थे। जांच शांतिपूर्वक चल रही थी, तभी उप सरपंच दिनेश पटेल उर्फ गुड्डा, तेजराम पटेल, गोकुल देवांगन, राजकुमार और कई ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने अधिकारियों पर अन्य शिकायत से पहले निपटने का दबाव बनाया और कार्य रोक दिया। आरोपियों ने पूरी टीम को पंचायत भवन में बैठा दिया और मुख्य चैनल गेट पर बाहर से ताला लगा दिया।
मामले के तूल पकड़ते ही कलेक्टर ममगाई के आदेश पर तीन राजस्व अधिकारियों के प्रभार में आंशिक परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार थान खम्मरिया में पदस्थ तहसीलदार सरिता मढ़रिया को कार्यालय कलेक्टर भू अभिलेख बेमेतरा में स्थानांतरित कर दिया गया है। उनके स्थान पर अधीक्षक भू अभिलेख आशुतोष गुप्ता को थान खम्मरिया का नया तहसीलदार पदस्थ किया है। इसके साथ ही आशुतोष गुप्ता को छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता के नियमों के अंतर्गत थान खम्मरिया तहसीलदार का आहरण एवं सवितरण अधिकारी प्रभार भी सौंपा गया है।
मोरध्वज को देवकर का नायब तहसीलदार बनाया
इसके अतिरिक्त घटना में शामिल रहे थान खम्हरिया के नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू को स्थानांतरित करते हुए देवकर में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ किया गया है। कलेक्टर का यह स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया गया है।
बेमेतरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार सरिता मढ़रिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू ने बेमेतरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 26 जुलाई को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उप सरपंच दिनेश पटेल, तीजराम पटेल, गोकुल देवांगन, राजकुमार व अन्य अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया। पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 127(2) बंधक बनाना, 221 शासकीय कार्य में बाधा और 190 गैरकानूनी जमाव के तहत अपराध पंजीकृत किया।