बेमेतरा

नीट परीक्षा मामले में विपक्ष युवाओं को कर रहा हैं गुमराह-राजेन्द्र शर्मा
25-Jul-2026 4:04 PM
नीट परीक्षा मामले में विपक्ष युवाओं  को कर रहा हैं गुमराह-राजेन्द्र शर्मा

मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को होगी कठोर सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 25 जुलाई। रायपुर शहर जिला भाजपा के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने शुरू से ही अत्यंत गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है। सरकार ने किसी भी प्रकार की अनियमितता को न तो छिपाया और न ही किसी दोषी को संरक्षण दिया। बल्कि जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की पूरी छूट देते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल इस संवेदनशील विषय पर छात्रों और अभिभावकों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक देश की परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए, वे आज निराधार आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। तथ्यों के बजाय राजनीतिक बयानबाजी से विद्यार्थियों का हित नहीं, बल्कि उनका मनोबल प्रभावित होता है। दुर्भाग्य इस बात का है जिस पार्टी की कई राज्यों में जमानत ज़ब्त हो गई है  उनके नेता शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांगते है।

 राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि जैसे ही अनियमितताओं की जानकारी सामने आई, केंद्र सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपी। जांच के दौरान कई राज्यों में कार्रवाई हुई, अनेक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा पेपर लीक से जुड़े संगठित गिरोहों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में भी सुधारात्मक कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली को और अधिक जवाबदेह एवं विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि विपक्ष द्वारा यह आरोप लगाना कि केंद्र सरकार दोषियों को बचा रही है, पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे है। यदि सरकार की मंशा दोषियों को बचाने की होती, तो मामले की जांच सर्वोच्च स्तर की एजेंसी को नहीं सौंपी जाती और न ही देशभर में व्यापक कार्रवाई होती। वास्तविकता यह है कि मोदी सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय देते हुए पूरे मामले को कानून के अनुसार आगे बढ़ाया।

श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता को समझती है तथा उनका विश्वास बनाए रखना अपनी जिम्मेदारी मानती है। जो भी व्यक्ति, संस्था या गिरोह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस गंभीर विषय पर राजनीति करने के बजाय देश के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में रचनात्मक सहयोग करें। युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भ्रम फैलाने के बजाय सत्य और तथ्यों के आधार पर संसद में चर्चा करनी चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य है कि विपक्ष संसद में चर्चा से भाग रहा है।


अन्य पोस्ट