बेमेतरा

लोकतंत्र को कुचलने का हर प्रयास विफल होगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा -छाबड़ा
24-Jul-2026 3:56 PM
लोकतंत्र को कुचलने का हर प्रयास विफल  होगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा -छाबड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 24 जुलाई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सिग्नल चौक में लोकतंत्र की रक्षा एवं जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र की भाजपा सरकार की लोकतंत्र विरोधी, छात्र विरोधी एवं दमनकारी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान नीट सहित विभिन्न छात्र हितों के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखने से रोककर हिरासत में लिया जाना लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है। आज देश का युवा अपनी शिक्षा, रोजगार और भविष्य को लेकर प्रश्न पूछ रहा है, लेकिन उसे जवाब देने के बजाय उसकी आवाज़ को दबाया जा रहा है। लोकतंत्र में असहमति देशविरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति होती है। छात्रों पर लाठीचार्ज और लोकतंत्र के प्रहरी को हिरासत में लेना किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज़ को दबाने और जनसरोकारों के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जिसे देश की जागरूक जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। जनता की आवाज़ को दबाने वाली जनविरोधी एवं लोकतंत्र विरोधी नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी का संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं, किसानों, छात्रों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान सम्मत एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

 कार्यक्रम में मंगत साहू, शशि प्रभा गायकवाड, मिथलेश वर्मा, रीता पांडे, सुमन गोस्वामी, रवि रजक, बहल वर्मा, ललित विश्वकर्मा, मनोज शर्मा, सनत धर दिवान, ऋषि वर्मा ,घासी वर्मा, लुकेश वर्मा, शिव वर्मा, निलेश ठाकुर, योगिता साहू, जनता साहू, जोगेंदर छाबड़ा, तोकेश्वर साहू सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट