बेमेतरा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार
23-Jul-2026 2:30 PM
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 23 जुलाई। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के विरोध में जिला युवा कांग्रेस ने गांधी भवन में आयोजित भाजपा के मनोनीत एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान काला झंडा दिखाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल ने कहा कि देश के लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की उम्मीद करते हैं, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसके बावजूद केंद्र सरकार जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय छात्रों की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर नगर निकायों के विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी का हवाला दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर मनोनीत एल्डरमैनों की नियुक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है। जनता के टैक्स का पैसा विकास, शिक्षा, रोजगार और जनहित के कार्यों पर खर्च होना चाहिए, न कि राजनीतिक नियुक्तियों पर।  युवा कांग्रेस ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। साथ ही संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित विपक्षी सांसदों के साथ हुए व्यवहार और उन्हें हिरासत में लिए जाने की घटनाओं को भी लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। जिलाध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर सडक़ों पर है। लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ को दबाने में लगी हुई है। पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

यदि छात्रों और युवाओं के हितों की लगातार अनदेखी की गई तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में और भी व्यापक जनआंदोलन करेगी। गिरफ्तारी और दमन से युवा कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।

इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी, ललित वैष्णव, विक्की मिश्रा, अजय राज सेन, दीपक दिनकर, यासिफ खान, ओंकार चंद्राकर, आशीष तिवारी, भीखम साहू, राजू साहू , प्रतीक दुबे ,उत्पल गायकवाड़, कौनैन अली, शुभ अजमानी, शुभम सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के साथी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट